श्रीलंका के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने द्रौपदी मुर्मू को दी बधाई

द्रौपदी मुर्मू ने आज देश की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। संसद के सेंट्रल हॉल में सोमवार सुबह सीजेआई एनवी रमण ने उन्हें शपथ दिलाई। उनके राष्ट्रपति बनने के बाद देश-दुनिया के बड़े-बड़े नेता बधाईयां दे रहे हैं। नई राष्ट्रनायक को जहां श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने बधाई दी, तो वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी इस होड़ में नजर आएं। उन्होंने भी भारत की नई राष्ट्रपति को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपनी भारतीय समकक्ष द्रौपदी मुर्मू को पद संभालने पर एक पत्र के जरिए बधाई दी है। इसमें उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के बीच आपसी राजनीतिक विश्वास बढ़ाने और मतभेदों को दूर करने की दिशा में उनके साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं। जिनपिंग ने अपने बधाई संदेश में कहा कि चीन और भारत एक दूसरे के महत्वपूर्ण पड़ोसी हैं। दोनों देश साथ मिलकर मतभेदों को दूर करने और विकास की दिशा में काम करेंगे।
शी जिनपिंग ने कहा कि चीन-भारत के बीच मजबूत संबंध दोनों देशों के नागरिकों के मूलभूत हितों के साथ-साथ क्षेत्र में और पूरी दुनिया में शांति, स्थिरता और विकास के लिए अनुकूल और जरूरी है। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि वह चीन-भारत के बीच संबंधों को काफी महत्व देते हैं और वो दोनों देशों के बीच आपसी राजनीतिक विश्वास बढ़ाने और मतभेदों को दूर करने के अलावा द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं।
शी जीनपिंग के अलावा आर्थिक संकटों से जूझ रहे श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने भी महामहिम द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी। उन्होंने कहा, “इस मुख्य जिम्मेदारी के तौर पर आपकी नियुक्ति सबसे बड़े लोकतंत्र में सरकार में भरोसे और आत्मविश्वास की सबसे बड़ी गवाही है। साथ ही ये इस बात का भी सुबूत है कि देश के लोगों ने भी आपकी क्षमता और राजनीतिक नेतृत्व पर भरोसा जताया है।” उन्होंने कहा, “आपका नेतृत्व हमारे सौहार्दपूर्ण संबंधों को पोषित करने और मजबूत करने के हमारे संयुक्त प्रयासों को नई गति प्रदान करता है और मैं इस दिशा में आपके साथ मिलकर काम करने की आशा करता हूं।”
After Sri Lanka, Chinese President Xi Jinping congratulates Draupadi Murmu