और बढ़ेगी ठंड, पांच राज्यों में आज से शीतलहर
उत्तर भारत में भीषण ठंड को देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत कई इलाकों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता कम होने से सड़क हादसों में पंजाब में पांच, तो यूपी में तीन लोगों की मौत हुई। घने कोहरे के चलते कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
राजधानी दिल्ली में 70 से अधिक लंबी दूरी की ट्रेनें 2 से 6 घंटे की देरी से चलीं। वहीं, 20 से अधिक विमान 15 से 30 मिनट की देरी से उड़े। मुरादाबाद में 32 ट्रेनें रद्द कर दी गईं। पंजाब में 15 ट्रेनें करीब सात घंटे तक देरी से चलीं। चंडीगढ़ व अमृतसर से दोपहर 12 बजे तक सभी विमानों ने तीन से चार घंटे की देरी से उड़ान भरी। दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री दर्ज हुआ था। 17 दिसंबर को सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहा था।
मौसम विभाग ने सप्ताह के अंत तक शीतलहर व घना कोहरा पसरे रहने की आशंका जताई है। कोहरे व शीत लहर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।घना कोहरा होते ही यूपी रोडवेज की बसें रास्तों में बस स्टेशन, ढाबा, थाना, पेट्रोल पंप या टोल प्लाजा पर रोक दी जाएंगी। बसें वहां से तभी रवाना होंगी जब कोहरा छंट जाएगा।
आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार सुबह 5:30 बजे तक बठिंडा में दृश्यता शून्य मीटर, अमृतसर, गंगानगर, पटियाला, दिल्ली (पालम) और लखनऊ में 25 मीटर रही। इन दिनों कड़ाके की ठंड और कोहरे ने उत्तर भारत को अपनी चपेट में लिया हुआ है। मौसम विभागा ने कड़ाके की ठंड के साथ ही कुछ दिन घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। मौसम का सबसे बड़ा असर आवागमन और परिवहन पर पड़ा है। घने कोहरे के कारण उत्तर भारत में रेड अलर्ट है और यूपी में रात्रिकालीन बस सेवा पर रोक लगा दी है।
Cold will increase further, cold wave in five states from today