Coronavirus : लगातार 8वें दिन हजार से ज्यादा मौत
Share

देश में कोरोना (Corona) संक्रमण के मामलों में एक बार फिर उछाल देखने को मिला है। मंगलवार को संक्रमण के मामलों में थोड़ी कमी आने के बाद बुधवार को फिर 89,706 नए मामले (New Cases) सामने आए। इन नए मामलों के साथ देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर 43 लाख 70 हजार से अधिक हो गई है। लेकिन, राहत की बात यह है कि बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। जानकारी के अनुसार अब तक करीब 34 लाख लोग ठीक हो चुके हैं।
24 घंटे के अंदर 1115 मरीजों ने दम तोड़ा है, जिसके बाद इस वायरस से मरने वालों की संख्या भी 73 हजार 890 हो गई है। राहत की बात है कि अब तक 33 लाख 98 हजार 845 लोग ठीक भी हो चुके हैं। कोरोना के अभी 8 लाख 97 हजार 394 एक्टिव केस हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में आठ सितंबर तक कुल 5,18,04,677 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से मंगलवार को एक दिन में 11,54,549 नमूनों की जांच की गई।
मृत्यु दर में गिरावट –
राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मृत्यु दर गिरकर 1.69% हो गई। इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 21% हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 78% हो गई है। भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है।
देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में दो लाख से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। मौत के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत का नंबर है।