अमेरिका के इलिनोइस में फ्रीडम-डे परेड में गोलीबारी, अब तक 6 की मौत, 31 घायल
Share

अमेरिका में चार जुलाई के फ्रीडम डे परेड के दौरान गोलीबारी में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हुए हैं। यह घटना इलिनायस प्रांत के शिकागो शहर के उपनगर हाइलैंड पार्क में हुई है। माना जा रहा है कि हमलावर ने किसी बिल्डिंग की छत से परेड मार्ग पर फायरिंग की है। फायरिंग के बाद लोगों को जान बचाने के लिए इधर से उधर भागते देखा गया।
अधिकारियों ने प्रेस कांफ्रेंस में छह लोगों के मारे जाने और 24 लोगों के घायल होने की पुष्टि की। लेकिन हाइलैंड पार्क के एक अस्पताल के प्रवक्ता ने घायलों की संख्या 31 बताई। उसने कहा कि नार्थशोर हाइलैंड पार्क अस्पताल में 26 और एक दूसरे अस्पताल में पांच लोगों को भर्ती कराया गया है। बता दें कि गोलीबारी की घटना के मद्देनजर 22 साल के एक युवक राबर्ट इ क्रिमो को हिरासत में लिया गया है। राबर्ट इ क्रिमो को बाबी के नाम से भी जाना जाता है। फेडरल ब्यूरो आफ इन्वेस्टिगेशन और पुलिस को आशंका है कि राबर्ट इ क्रिमो ने ही गोलीबारी को अंजाम दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, क्रिमो 2010 माडल की सिल्वर होंडा फिट चलाता है।
इलिनायस प्रांत के 43वें गवर्नर जेबी प्रिटजेकर के दफ्तर ने एक पत्र लिख कर इस घटना पर शोक जाहिर की है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा, ‘इस स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अमेरिका में फिर से हुए मूर्खतापूर्ण बंदूक हिंसा से स्तब्ध हूं। मैंने शूटर की तत्काल खोज में सहायता के लिए संघीय कानून प्रवर्तन को आदेश दिया है।
पुलिस को परेड मार्ग से एक राइफल भी मिली है, माना जा रहा है कि उसी से फायरिंग की गई है। संदिग्ध हमलावर 18 से 20 साल का युवा बताया गया था। पुलिस ने लोगों से उसके बारे में सूचना देने का अनुरोध किया है। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी से ऐसा लगता है कि हमलावर ने किसी ऊंची इमारत की छत से फायरिंग की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार सुबह 10 बजे परेड शुरू हुई थी। लगभग 10 दिन मिनट बाद ही फायरिंग के चलते परेड रोकनी पड़ी।
Firing at Freedom Day Parade in Illinois, USA, so far 6 killed, 31 injured