मुजफ्फरपुर में पप्पू यादव का टूटा मंच, हाथ में आया फ्रैक्चर

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो गया है। इसमें कुल 71 सीटों पर मतदान हुआ। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चला। हालांकि, 4 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक, 26 सीटों पर शाम 4 बजे तक और 5 सीटों पर शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई। पहले चरण के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, मंत्री प्रेम कुमार, कृष्णनंदन वर्मा, शैलेश कुमार, विजय कुमार सिन्हा, जय कुमार सिंह, रामनारायण मंडल, संतोष कुमार निराला और बृजकिशोर बिंद सहित कई दिग्गज चुनावी मैदान में थे।
चुनावी मौसम में नेताओं के मंच गिरने की कई घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर का है जहां शनिवार को एक जनसभा के दौरान जन अधिकार पार्टी का मंच टूट गया। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक मंच पर पार्टी के मुखिया पप्पू यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे। बताया जा रहा है कि भार अधिक होने के कारण मंच टूट गया। इस दुर्घटना में पप्पू यादव का दायां हाथ फ्रैक्चर हो गया। साथ ही कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी हल्की चोट लगने की आशंका जताई जा रही है।