Delhi-NCR में कड़ाके की ठंड, 1 हफ्ते तक राहत के आसार नहीं
Share

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली में कई जगह पर न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक भी दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी शीत लहर कुछ दिन और परेशान करेगी। हफ्तेभर तक इन ठंडी हवाओं से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है और दिन का तापमान 20 डिग्री से नीचे ही रहने की संभावना है।
इस दौरान सर्द हवा, कोहरा और बादलों के चलते भारी गलन का एहसास भी होता रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी भारत के एक बड़े हिस्से में कोहरे की मोटी चादर बन गई थी और यही वजह है कि लोगों को ये ठंड बहुत परेशान भी कर रही है। दरअसल इसके कारण धूप की किरणें नीचे तक नहीं पहुंच सकीं और लिहाजा शुक्रवार-शनिवार को काफी ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। सर्द हवाओं के कारण लोगों को कंपकंपाती ठंड का सामना करना पड़ा था।
दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सफदरजंग केंदर् में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। मौसम विभाग ने दिल्ली में तेजी से बढ़ रही ठंड को देखते हुए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। दिल्ली के आसपास के इलाकों में भी अभी ठंड से कोई राहत नहीं मिलेगी। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में फिलहाल ठंड का कहर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों के घरों में रहने की ही सलाह दी है।
Severe cold in Delhi-NCR, no relief for 1 week