झूठ बोलने में हम पीएम मोदी का नहीं कर सकते है मुकाबला : राहुल गांधी
Share

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी बाल्मीकि नगर में चुनावी रैली करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने कहा झूठ बोलने में हम उनका मुकाबला नहीं कर सकते। राहुल ने कहा अब प्रधानमंत्री भाषणों में यह नहीं कहते कि वे 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देंगे। वह जानते है कि वह झूठ बोल रहे थे और लोग भी इसे जानते हैं।
पश्चिमी चंपारण में रैली करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी देश के पीएम हैं, लेकिन यह बेहद दुख की बात है कि उनका पुतला जलाया जा रहा है। कारण यह है कि जो नीतीश ने बिहार के साथ 2006 में किया, वह मोदी पंजाब, हरियाणा और पूरे देश के साथ आज कर रहे हैं। राहुल गांधी ने इसके साथ ही कहा कि कांग्रेस ने देश को डायरेक्शन दिया है, भोजन का अधिकार, किसानों का कर्ज माफ़ हमने किया। हम देश को चलाना जानते हैं, युवाओं को रोज़गार देना जानते हैं। लेकिन, एक कमी है हमारे में, हम झूठ बोलना नहीं जानते। झूठ बोलने में हम उनका मुकाबला नहीं कर सकते।
इधर दरभंगा और मुजफ्फरपुर के बाद पीएम मोदी की आज की आखिरी रैली बिहार की राजधानी पटना में हो रही है। चुनाव आयोग ने बताया कि बिहार की 71 विधानसभा क्षेत्रों में दोपहर एक बजे तक 30 फीसदी से ज्यादा लोगों ने मतदान किया। दोपहर 1 बजे तक भागलपुर में 34.34%, बांका में 33.14%, शेखपुरा में 29.49%, भोजपुर में 32.15%, रोहतास में 30.26%, औरंगाबाद में 33.32% और जमुई में 31.37% मतदान हुआ है।